बुधवार, 12 मार्च 2008

गुजरे हुए बाबा से संवाद

बाबा, तुम तो कहते थे न कि बदलने चाहिए गाँव के हालात
फिर तुम क्यों सो गए गाँव के बदलने का सपना देखते-देखते
देखो तो जरा, कितना कुछ बदल गया है अपना गाँव
कई लोग कट गए रातोंरात पेड़ों की तरह
सबसे पहले गाँव की चौपाल उजड़ी
फिर खत्म हुआ साझा हुक्का-पानी
संवेदना की वह गहरी नदी रेत में तब्दील हो गई
जो कभी बहती थी गाँव के बीचोंबीच

कई घरों की पुश्तैनी आजीविका खत्म हो गई
कई घर टूटकर शहर की भीड़ में खो गए
लोगों ने एक दूसरे पर भरोसा करना छोड़ दिया
और बनते गए अजनबी

एक दिन पूरी तरह संवाद खत्म हो गया
और खत्म हो गई आत्मीयता
बुजुर्गों ने बेटा खोया
गाँव ने नौजवान
हमने अपनी पहचान खोई
और खो दिया ईमान
कई प्रेमिकाओं के प्रेमी खो गए इस बीच
धीरे-धीरे रिश्ते नाते भी लगने लगे फालतू
परिंदों ने छोडा आँगन आना
कुँवारियों ने छोड़ दिया पनघट की तरफ जाना
इस तरह हमने बहुत कुछ खोया
गाँव में अब बची हुई है
क्षत-विक्षत सामाजिकता
व्यथित मन
उपेक्षित बचपन
टूटे स्कूल
गलियों में घूमते नर-भेड़िये
शोर करती मशीनें
पनियाई आँखों वाली औरतें
और संताप करते चालीस साल के कुछ बूढ़े

लेकिन फिर भी हताश नहीं हुआ हूँ मैं
क्योंकि उदास नहीं है उर्वर धरती, बहती नदियाँ
बिन पगार के पहरा देनेवाले कुत्ते
और निश्चय ही निराश नहीं है वह औरत
जिसकी गोद में कुनमुना रहा है शिशु

कोई टिप्पणी नहीं: