वह सूखे पत्तों का मौसम नहीं था, मीता
जब मिले थे हम
हवा सरसराती थी तो बज उठता था संगीत
कलियाँ खोल देती थीं अपनी पंखुड़ियाँ
लता और पेड़ की तरह लिपट जाते थे हम
हँसी थी आँसू थे दुख था और
खुशियाँ थीं छलकती हुईं
हम लड़ते-झगड़ते भी थे कभी
तो चाँद से करते थे एक दूसरे की शिकायत
फूलों से पूछते थे उदासी का सबब
छुपम-छुपई का खेल खेलते थे अक्सर
और ढूँढ़ लेने पर मिलते थे ऐसे
जैसे मिल हों बरसों बाद
मृत्यु थी कहीं दूर डराती हुई
हम रोज सूरज से माँग लेते थे
एक दिन उम्र और
किसी नियम में नहीं बँधा था जीवन
चाँद से गपशप करते और सूरज को हथेली पर
लिये घूमते थे हम
भरोसे के खम्भे पर उम्मीद की छत डालकर बनाया हमने घर
और बसाया अपना अड़ोस-पड़ोस
अड़ोस-पड़ोस से माँग-बाँट कर चल जाता था काम
एक घर के चूल्हे से आग जलती थी पूरे कुनबे में
और एक के घर जन्मा बच्चा होता था
पड़ोसियों का भी लाडला
फिर आए पंडित-पुरोहित राजा मंत्री और सिपाही
उन्होंने बनाई नैतिकताएँ और नियमों की किताब
फिर हममें से ही किसी को घोषित किया चोर
और खेलने लगे चोर-सिपाही
हालाँकि ऐसा कुछ नहीं सोचा था हमने शुरू में
नियम बने तो नियमों को तोड़ने का सिलसिला भी हुआ शुरू
नैतिकताएँ बनीं तो अनैतिकता भी
हालाँकि विकल्पहीन नहीं रहे हम कभी
मगर सुविधाओं के शामियाने में मनाते रहे उत्सव
और खुशफहमी की मार झेलते गए
हमने चुप रहना सीखा और
तोता बनने में ही भलाई समझी
मीता, हम ही थे जिन्होंने नंगी बेटियों को
बताया सुन्दर और पहनाया ताज
हमने ही रचा ऐसा वीभत्व नया सौन्दर्यशास्त्र
हमने ही जलाया बच्चों, औरतों और स्कूलों को
हम ही थे जो करते रहे तिकड़म और प्रपंच
और हम ही खेलते रहे खून की होली
इस तरह नफरत हिंसा और अपराध बने
हमारे सामाजिक पर्यावरण का हिस्सा
आपसी लेन-देन के बदले हमने
शुरू किया व्यापार
और धीरे-धीरे बेचने लगे बहुत कुछ अन्ततः हमने अपनी आत्मा भी बेच डाली
और बन गए खांटी उपभोक्ता
मगर ऐसा कहाँ सोचा था हमने शुरू में
जब मिले थे हम, मीता
सूखे पत्तों का मौसम तो
नहीं ही था जीवन
और ऐसा होना भी तो नहीं चाहिए था
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें