बुधवार, 12 मार्च 2008

एक युवक की बेचैनी

रात की पूरी नीरवता के बीच
आधी-अधूरी करवटें बदलता
एक युवक
बेचैन है बिल्कुल
धीरे-धीरे अपना सब कुछ खोते देखकर

हताश और लगभग पराजित-सा युवक
बाजार बनते जा रहे
घरों के कारण बेचैन है।
वह बेचैन है हाथों के काम के लिए
खुशामदी चरित्र और
हारे हुए व्यक्तित्व के लिए
बेचैन है वह
अपने सपनों को साकार करने के लिए

युवक की बेचैनी में छिपा है
पृथ्वी पर आनेवाली
करोड़ों संतानों के लिए शोक

विद्यापति और भिखारी ठाकुर की विरासत के लिए
टूटती चौपाल और
डरावनी होती जा रही पनघट के लिए
बेचैन है हमारे गाँव का वह युवक

एक युवक बरसों से
युवक की तरह बेचैनी में उबल रहा है
और ऊपर बैठे लोगों के बीच
मतों के समीकरण पर चल रहा है विमर्श
जिसमें नहीं है शामिल
उसकी बेचैनी

कोई टिप्पणी नहीं: