बुधवार, 12 मार्च 2008

घर: एक आदिम कथा

अक्सर मेरे जेहन में कौंध जाती है एक स्त्री
जिसने शायद किसी अनजाने भय से
काँपकर की होगी पहले-पहल
घर जैसी किसी सुरक्षित जगह ही कल्पना

क्या पता उसके भय में
सिर्फ बनैले पशु ही नहीं
शामिल रहे होंगे कुछ नर-भेड़िये भी
जो छीन लेना चाहते होंगे
उससे उसकी खुशी

हो सकता है वह करती होगी किसी से प्रेम
और बचाकर रखना चाहती होगी
दुनिया की नजरों से उसे
प्रेम करने वाली वह स्त्री
नहीं चाहती होगी किसी का दखल
अपने सपनों के एकान्त में

तो क्या प्रेम के दुश्मन तब भी हुआ करते थे
जब ठीक-ठीक शुरू भी नहीं हुई थी
यह सभ्यता !

उसे कहाँ पता होगा कि जंगल से
घर की ओर बढ़ा उसका यह कदम
एक दिन जंगल में ही गुम हो जाएगा !
एकांत कैसा भी हो अन्तरंग और मधुर
अन्ततः काट देता है अपने परिवेश से
यह कहाँ सोचा होगा उस भोली स्त्री ने !

उसे रही होगी एक ऐसी जगह की चाहना
जहाँ ठहरकर कर सके वह
अपने प्रिय का इन्तजार
और उसका प्रिय लेकर आए
मुट्ठी भर बहार

जब उसने की होगी।
घर जैसी किसी आत्मीय जगह की कल्पना
एक खिड़की के बारे में जरूर सोचा होगा उसने
एक नदी, कुछ पेड़
जरूर शामिल रहे होंगे उसकी सोच में
सोचा होगा उसने एक दरवाजे के बारे में भी
जहाँ से निकलकर एक रास्ता
जाता होगा दुनिया की तरफ
लेकिन उसने कहाँ सोचा होगा कि
इन दरवाजों के भीतर
एक दिन घुटकर रह जाएगी उसकी आत्मा
और अपनी पहचान से भी
खारिज कर दी जाएगी वह

घर बनाने और बसाने के दौरान
हवा, पानी, फूल, चिड़िया और
मौसम के बारे में सोचते हुए
सोचा होगा उसने एक फूल-सी हँसीवाले
बच्चे के बारे में भी
कितना गर्व और कितनी खुशी हुई होगी उसे
यह शब्दों में दर्ज कर पाना असम्भव है
यह भी हो सकता है कि
घर की कल्पना पहले-पहल
किसी स्त्री ने नहीं बल्कि काम से लौटे
किसी बेहद थके पुरुष ने की होगी
जिसे रही होगी शिद्दत से किसी आत्मीय छाँह की तलाश
लेकिन इतना तो तय है कि उसकी कल्पना में
जरूर शामिल रही होगी कोई न कोई स्त्री !

1 टिप्पणी:

सुजाता ने कहा…

बहुत अच्छी कविता !
sandoftheeye.blogspot.com